मुख्यमंत्री साय अंबिकापुर में आयोजित विजय संकल्प रैली में कांग्रेस पर कसा तंज़

अंबिकापुर

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस को मुद्दाविहीन राजनैतिक दल करार दिया है। साय ने कहा, मुद्दाविहीन कांग्रेस जनता के समक्ष सिर्फ भ्रम फैलाने का काम कर रही है। छत्तीसगढ़ को पांच वर्षों में भ्रष्टाचार व अपराध का गढ़ बना चुकी कांग्रेस ने शराब,कोयला,रेत के साथ गोबर में भी घोटाला किया है। अब कांग्रेस को कुछ नहीं सूझ रहा है तो आरक्षण और महतारी वंदन को लेकर झूठ प्रचारित करने में लगी है। कांग्रेस कहती है कि केंद्र में मोदी सरकार फिर आएगी तो आरक्षण समाप्त हो जाएगा। मैं (विष्णुदेव साय) कहता हूं कि आरक्षण कभी समाप्त नहीं होगा। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को तब तक राशि मिलती रहेगी जब तक भाजपा की सरकार है। बल्कि अब हर महीने के पहले सप्ताह में ही महतारी वंदन योजना की राशि खातों में पहुंचेगी।

शुक्रवार को अंबिकापुर के कलाकेंद्र मैदान में आयोजित विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, 36 वादे करके कांग्रेस , छत्तीसगढ़ की सत्ता में आई थी। एक भी वादा पूरा नहीं किया। अब लोगों को फिर से बरगला रहे हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेसी एक लाख रुपये देने का भ्रम फैलाकर फार्म भरवा रहे हैं। उन्होंने भीड़ से जानना चाहा कि क्या-कांग्रेस के इस भ्रम पर विश्वास है तो प्रत्युत्तर में ना सुनने को मिला। विष्णुदेव साय ने कहा की यह चुनाव देश और प्रदेश के लिए बेहद महत्तवपूर्ण हैं। देश को 2047 तक विकसित और देश को विश्व की तीसरी आर्थिक शक्ति बनाने का चुनाव है।

सरगुजा की जनता के लिए मान - सम्मान का चुनाव बताते हुए उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को संसद में भेजने का आह्वान किया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरगुजा संभाग की जनता ने उपेक्षा और अपमान का बदला संभाग को कांग्रेस मुक्त करके लिया है। संभाग से कांग्रेस मुक्त हुई तो यहीं के विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री बनाकर भाजपा ने सरगुजा संभाग की जनता का मान बढ़ाया है। कार्यकर्ताओं की मेहनत से सेमीफाइनल (विधानसभा चुनाव) में ऐतिहासक जीत मिली है अब फाइनल (लोकसभा चुनाव) में भी ऐसी ही धमाकेदार जीत दर्ज करनी है।उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज को मिलने वाला आशीर्वाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए भी आशीर्वाद होगा।

सभा को कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े,स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज ने भी संबोधित किया। संचालन अखिलेश सोनी ने किया। मंच पर पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो, राजेश अग्रवाल, शकुंतला सिंह, उद्धेश्वरी पैकरा, भूलन सिंह, ललन प्रताप सिंह, ओमप्रकाश जायसवाल, अभिमन्यु गुप्ता, अनुराग सिंहदेव, अंबिकेश केशरी, बाबूलाल गोयल,रजनी त्रिपाठी, अनिल सिंह मेजर,रामप्रताप सिंह सहित सरगुजा, बलरामपुर व सूरजपुर के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कार्यकर्ताओं ने जीत का लिया संकल्प
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दोपहर लगभग डेढ़ बजे सभा को संबोधित कर रहे थे। प्रचंड गर्मी में सभास्थल तप रहा था।ऐसे समय में मुख्यमंत्री ने सरगुजा संभाग से कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने के लिए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को देवतुल्य बताया। मुख्यमंत्री ने कहा, नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है या नहीं, तब कार्यकर्ताओं ने दोनों हाथ की बंद मुट्ठी को ऊपर उठाकर सरगुजा में जीत के संकल्प के साथ लगातार तीसरी बार नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की प्रतिबद्धता जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के 10 वर्ष के शासनकाल में भारत का डंका विश्व पटल पर बजा है।140 करोड़ भारतीयों का सम्मान भी बढ़ा है।

100 दिन की सरकार का दिया हिसाब
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विजय संकल्प सभा के दौरान छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के 100 दिन के कार्यकाल का हिसाब भी दिया। उन्होंने कहा कि इन 100 दिनों में सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।मोदी की गारंटी को पूर्ण करने का काम किया है। 18 लाख गरीबों के आवास स्वीकृत किए गए हैं। धान खरीदी की मात्रा और उसका दर बढ़कर किसानों के हित में निर्णय लिया गया है। किसानों को अंतर की राशि दी गई है। दो वर्ष के बकाया धान की राशि का भुगतान किया गया है। महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसी प्रकार गांव, गरीब और किसानों के हित में कई बड़े फैसले लिए गए हैं, जिसका सीधा लाभ छत्तीसगढ़ की जनता को मिल रहा है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सब काम अब सांय- सांय हो रहा है।

Source : Agency

14 + 5 =

Ahtieshyam Uddin (Editor in Chief)

Email: nationalsamacharindia2019@gmail.com

Mobile:    (+91) 8770103914

(Office Chhattisgarh)

Chhatisgarh Bureau Office: Vaishali Residency, Shop No.01, Ward No. 44, Shankar Nagar, Bilaspur (CG) Pin: 495004