चिंतामणि महाराज ने नामांकन के बहाने किया शक्ति प्रदर्शन

अंबिकापुर

सरगुजा संसदीय सीट के भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज ने शुक्रवार को नाम निर्देशन पत्र जमा किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला व बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के साथ रिटर्निंग आफिसर विलास भोसकर के समक्ष भाजपा प्रत्याशी ने नाम निर्देशन पत्र जमा किया। भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में शंख,डमरू की ध्वनि, 101 ब्राह्मणों का मंत्रोच्चार आकर्षण का केंद्र रहा। बीच-बीच में जय श्री राम के उद्घोष ने कार्यकर्ताओं का जबरदस्त उत्साह बढ़ाया। भाजपा ने नामांकन के लिए खास तैयारी की थी।

अंबिकापुर के घड़ी चौक से लेकर स्वामी विवेकानंद स्कूल प्रवेश द्वार के दोनों ओर स्थानीय और बनारस से आए ब्राह्मण कतारबद्ध खड़े थे। इनमें से अधिकांश के हाथों में शंख और डमरू था। कुछ ब्राह्मणों ने हाथों में गुलाब की पंखुड़ियां रखी थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज व अन्य मंत्रीगण नामांकन के लिए घड़ी चौक से कलेक्टोरेट जाने वाले मार्ग की ओर मुड़े। उसी समय मंत्रोच्चार के बीच गुलाब की पंखुड़ियों से आशीर्वाद देने का क्रम शुरू हुआ। शंख बजने लगे।

डमरू के पारंगत कलाकारों ने मनोहारी प्रस्तुति दी। बीच-बीच में कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम का जयघोष भी किया। मार्ग को भगवा ध्वज से सजाया गया था। इसके पहले सरगुजा संसदीय सीट के तीनों जिले सरगुजा,सूरजपुर और बलरामपुर जिले से पहुंचे पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा की नामांकन रैली खरसिया रोड स्थित अग्रसेन भवन से आरंभ हुई। रैली के बहाने भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन किया। भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज के साथ अन्य मंत्रियों व भाजपा नेताओं ने सड़क के दोनों ओर खड़े शहरवासियों का अभिवादन किया। रैली अग्रसेन भवन से अग्रसेन चौक, जयस्तंभ चौक, सदर रोड , महामाया चौक, देवीगंज रोड, संगम चौक होते कलाकेंद्र में संपन्न हुई।

नामांकन रैली में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
भाजपा की नामांकन रैली आरंभ हो जाने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव हेलीकाप्टर से कालेज मैदान पहुंचे। यहां से दोनों नामांकन रैली के लिए रवाना हो गए। तब तक रैली महामाया चौक तक पहुंच चुकी थी। यहीं पर सुसज्जित खुले वाहन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े , पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के साथ अन्य वरिष्ठ नेता तथा सभी विधायक सवार हुए। भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज को साथ लेकर खुले वाहन में सवार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय , शहरवासियों का अभिवादन करते रहे। रैली का जगह-जगह आतिशी स्वागत किया गया। लोक नर्तक दलों ने बहु नामांकन रैली में अपनी प्रस्तुति से शहरवासियों का ध्यान खींचा।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शंखनाद करने वाले रामजनम योगी भी पहुंचे
सर्वाधिक समय तक शंख बजाने का रिकॉर्ड कायम करने वाले बनारस के रामजनम योगी भी भाजपा की नामांकन रैली के दौरान साथ रहे।उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से अलंकृत रामजनम योगी ने भाजपा की नामांकन रैली के दौरान लगातार शंख बजाया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गंगा आरती का कार्यक्रम हो या पिछले दो चुनाव में उनके नामांकन रैली ,इन सभी आयोजनों में रामजनम योगी ने ही शंखनाद कर कार्यक्रमों की शुरुआत की है। दिल्ली , बनारस सहित कई बड़े शहरों में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में वे शंख बजा चुके हैं।उनका कहना है कि उन्होंने सर्वाधिक आधे घंटे तक शंख बजाने का रिकॉर्ड बनाया है।

Source : Agency

7 + 5 =

Ahtieshyam Uddin (Editor in Chief)

Email: nationalsamacharindia2019@gmail.com

Mobile:    (+91) 8770103914

(Office Chhattisgarh)

Chhatisgarh Bureau Office: Vaishali Residency, Shop No.01, Ward No. 44, Shankar Nagar, Bilaspur (CG) Pin: 495004