रोहन बोपन्ना ने ऑस्ट्रेलियन ओपन में पहला मेन्स डबल्स ग्रैंड स्लैम जीत रचा इतिहास

नई दिल्ली
भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया ओपन का खिताब जीता है। उन्होंने शनिवार को मैथ्यू एबडेन के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलियन ओपन 2024 का पुरुष युगल फाइनल अपने नाम किया। 43 वर्षीय बोपन्ना और उनके ऑस्ट्रेलियाई साथी एबडेन ने इटली के सिमोन बोलेली और एंड्रिया वावस्सोरी को एक घंटे 39 मिनट तक चले मुकाबले में 7-6, 7-5 से धूल चटाई और इतिहास रच डाला। यह बोपन्ना के करियर का पहला मेन्स डबल्स ग्रैंड स्लैम खिताब है। उन्होंने कुल दो ग्रैंड स्लैम टाइटल पर कब्जा जमाया है। उन्होंने इससे पहले 2017 में कनाडा की कनाडा गैब्रियला डाब्रोवस्की के साथ फ्रेंच ओपन मिश्रित डबल्स खिताब जीता था।

बोपन्ना ग्रैंड स्लैम जीतने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं।। उन्होंने जीन जूलियन रोजर के नाम का रिकॉर्ड ध्वस्त किया है। नीदरलैंड के जीन ने 2022 में 40 साल और 9 महीने की उम्र में फ्रेंच ओपन का मेन्स डबल्स टाइटल जीता था। बोपन्ना ने फाइनल जीतने के बाद एबडेन की सराहना की। वह पुरुष युगल ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले तीसरे भारतीय हैं। उन्होंने कहा, ''मैं लेवल 43 का हूं, 43 साल का नहीं और यह मेरे शानदार ऑस्ट्रेलियाई साथी के बिना संभव नहीं होता।'' बोपन्ना 2013 और 2023 में अमेरिकी ओपन फाइनल में पहुंचे थे लेकिन खिताब से चूक गए थे।

दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को मुकाबले के शुरू में लगातार गेम में ब्रेक प्वाइंट मिले। लेकिन इटली के खिलाड़ियों ने दोनों को बचा लिया। दूसरे गेम में बोलेली की सर्विस पर वावासोरी ने 30-30 पर वॉली लगाई लेकिन बोपन्ना ने लंबा रिटर्न लगा दिया। चौथे गेम में इटली के खिलाड़ी फिर एक ब्रेक प्वाइंट से पिछड़ गए जब 30-30 पर बोपन्ना का रिटर्न शॉट 'नेट कोर्ड' से उछलकर नीचे गिर गया जिससे दूसरी वरीय जोड़ी को किस्मत के सहारे अंक मिल गया। लेकिन वावासोरी ने अच्छी सर्विस से इस प्वाइंट को भी बचा लिया। बोलेली 4-5 पर सर्विस करते हुए '30-ऑल' पर दबाव में दिख रहे थे। लेकिन उन्होंने ताकतवर क्रॉस कोर्ट फोरहैंड शॉट मारा जो बोपन्ना की पहुंच से दूर निकल गया और फिर स्कोर 5-5 से बराबर हो गया।

11वें गेम में इबडेन पर दबाव बन गया जिसमें उन्हें ब्रेकप्वाइंट का सामना करना पड़ा लेकिन ड्यूस प्वाइंट खेलने के बाद आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने ऐस लगाकर यह गेम खत्म किया। फिर टाई ब्रेकर में बोलेली की सर्विस दो बार टूटी और बोपन्ना-इबडेन की जोड़ी ने अपनी सर्विस पर एक भी अंक गंवाये बिना 5-0 से बढ़त बना ली। वावासोरी छह सेट प्वाइंट पर अपनी सर्विस गंवा बैठे। उन्होंने पहली को अंक में बदला लेकिन इबडेन ने लाइन के नीचे फोरहैंड शॉट से जीत हासिल की। बोपन्ना सोमवार को जारी होने वाली एटीपी रैंकिंग में नंबर एक खिलाड़ी बन जायेंगे। 43 की उम्र में वह शीर्ष रैंकिंग पर पहुंचने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन जाएंगे।

ऑस्ट्रेलियन ओपन टाइटल जीतने वाले भारतीय
2003 (मिश्रित युगल) - लिएंडर पेस और मार्टिना नवरातिलोवा (यूएसए)
2006 (मिश्रित युगल) - महेश भूपति और मार्टिना हिंगिस (स्विट्जरलैंड)
2009 (मिश्रित युगल) - महेश भूपति और सानिया मिर्ज़ा
2010 (मिश्रित युगल) - लिएंडर पेस और कारा ब्लैक (जिम्बाब्वे)
2012 (पुरुष युगल) - लिएंडर पेस और राडेक स्टेपनेक (चेकिया)
2015 (मिश्रित युगल) - लिएंडर पेस और मार्टिना हिंगिस (स्विट्जरलैंड)
2016 (महिला युगल) - सानिया मिर्जा और मार्टिना हिंगिस (स्विट्जरलैंड)
2024 (पुरुष युगल) - रोहन बोपन्ना और मैथ्यू एबडेन (ऑस्ट्रेलिया)

Source : Agency

8 + 2 =

Ahtieshyam Uddin (Editor in Chief)

Email: nationalsamacharindia2019@gmail.com

Mobile:    (+91) 8770103914

(Office Chhattisgarh)

Chhatisgarh Bureau Office: Vaishali Residency, Shop No.01, Ward No. 44, Shankar Nagar, Bilaspur (CG) Pin: 495004