कांग्रेस का पूरा मेनिफेस्टो सिर्फ वोटबैंक को मजबूत करने के लिए समर्पित

आगरा

 उत्तर प्रदेश के आगरा में पीएम नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव को लेकर एक बड़ी रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार पर लगातार कार्रवाई चल रही है। भ्रष्टाचारियों से पैसा वापस लौटाया जा रहा है। मैं सोच रहा हूं कि भ्रष्टाचारियों से आया पैसा जनता को लौटा दूं। लोकसभा चुनाव 2014 में भी पीएम मोदी ने कुछ इसी प्रकार का वादा किया था। उन्होंने कहा कि कुछ लोग विरोध में बौखला गए हैं। भारत के लोगों की शक्ति विपक्ष को पसंद नहीं है। विपक्ष वोट बैंक की राजनीति कर रहा है। बिना भेदभाव सबको योजनाओं का लाभ दिया गया है। बिना भेदभाव के विकास मोदी की गारंटी है। हम तुष्टीकरण की राजनीति नहीं करते हैं। विपक्ष पर करारा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर हम आरक्षण नहीं देंगे।
 
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस लोगों से आरक्षण छीनने का षड्यंत्र कर रही है। दलितों की राजधानी कही जाने वाली आगरा में पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस बाबासाहेब का अपमान करती है। कांग्रेस ने संविधान का अपमान किया। कांग्रेस देश के लोगों पर विरासत टैक्स लगाना चाहती है। कांग्रेस आपकी विरासत भी छीन लेगी। कांग्रेस संपत्ति के सर्वे की बात कर रही है। कांग्रेस की जनता की संपत्ति पर नजर है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी है। जिन्होंने लूटा है, उसे लौटाना होगा।

INDI गठबंधन वाले कान खोलकर सुन लें कि जब तक मोदी जिंदा है, लोगों के संपत्ति की जांच जैसे कोई भी पाप करने से पहले आपको मोदी से निपटना पड़ेगा। हमारा संकल्प है, जो भ्रष्टाचारी है, उनकी जांच होगी। जिन्होंने गरीबों को लूटा है, वो लूट का पैसा गरीबों को मिलेगा। मैं इस बारे में सोच रहा हूं।
नरेंद्र मोदी आगरा की रैली में

धर्म के आधार पर आरक्षण का दावा
पीएम मोदी ने आगरा से कांग्रेस पर जबर्दस्त हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस ने ठान लिया है कि वह धर्म के आधार पर रिजर्वेशन लाकर रहेगी। इसके लिए कांग्रेस ने तरीका निकाला है कि 27% का ओबीसी का जो कोटा है, उसमें से कुछ चोरी कर लिया जाए। उसे छीन लिया जाए और धर्म के आधार पर आरक्षण दे दिया जाए। संविधान इस बात की इजाजत नहीं देता है। कांग्रेस ने हमेशा बाबासाहेब अंबेडकर का अपमान किया। अब उनके स्तर पर संविधान का अपमान किए जाने की कोशिश की जा रही है।

पीएम ने कहा कि देश का संविधान, देश की अदालतें कांग्रेस को ऐसा करने से बार-बार मना कर चुकी है। उनकी हर बात को देश की न्यायपालिका ने ठुकरा दिया है। इसलिए, अब कांग्रेस ने पिछले दरवाजे से खेल खेलना शुरू किया है। कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है, जो आए दिन बाबा साहेब का अपमान करती है। संविधान का अपमान करती है और सामाजिक न्याय की तो धज्जियां उड़ा देती है। इसी कांग्रेस ने कभी कर्नाटक में, कभी आंध्र प्रदेश में, कभी अपने घोषणा पत्र में बार-बार धर्म के आधार पर आरक्षण की वकालत की।

उत्तर प्रदेश में जो 2 लड़कों में दोस्ती है, इसका आधार भी ये तुष्‍टीकरण की राजनीति ही है। दोनों मिलकर भाषण में तो OBC-OBC करते हैं और पिछले दरवाजे से ओबीसी का हक छीनकर अपने वोटबैंक को मजबूत करने के लिए देना चाहते हैं।
नरेंद्र मोदी आगरा की रैली में

मुस्लिम तुष्‍टीकरण पर बड़ा हमला
पीएम मोदी ने कांग्रेस और विपक्ष पर मुस्लिम तुष्टीकरण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोदी तुष्‍टीकरण को समाप्त करके, संतुष्टिकरण की ओर आगे बढ़ रहा है। हमारा रास्ता तुष्‍टीकरण का नहीं, संतुष्टिकरण का है। सबका साथ, सबका विकास का मंत्र भी उसी का महामार्ग है। लेकिन, सपा-कांग्रेस का INDI गठबंधन घोर तुष्टिकरण में जुटा है। 2024 के चुनाव में कांग्रेस ने जो मेनिफेस्टो जारी किया है, उस पर 100% मुस्लिम लीग की छाप है। कांग्रेस का पूरा मेनिफेस्टो सिर्फ वोटबैंक को मजबूत करने के लिए समर्पित है। वहीं, हमारा मेनिफेस्टो देश को मजबूत करने के लिए समर्पित है।

पीएम ने कहा कि हमारा सेक्युलरिज्म भी वही है कि जो भी योजना जिसके लिए बने, बिना धर्म, जाति, भेदभाव के उसका लाभ सबको मिलना चाहिए। सच्चा सामाजिक न्याय भी यही है जब आप बिना भेदभाव, बिना अपने-पराए, बिना रिश्वतखोरी सबका हक पूरा करें। हमारा 10 साल का ट्रैक रिकॉर्ड हो या फिर भाजपा का संकल्प पत्र, हमारा जोर सैचुरेशन पर है। कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सबको मिले, पूरा लाभ मिले, बिना बिचौलियों के मिले, बिना रिश्वत के मिले और हकदार को अवश्य मिले, ये भाजपा का सैचुरेशन मॉडल है।

Source : Agency

11 + 12 =

Ahtieshyam Uddin (Editor in Chief)

Email: nationalsamacharindia2019@gmail.com

Mobile:    (+91) 8770103914

(Office Chhattisgarh)

Chhatisgarh Bureau Office: Vaishali Residency, Shop No.01, Ward No. 44, Shankar Nagar, Bilaspur (CG) Pin: 495004